0 छात्र सीखेंगे ्रढ्ढ, ड्रोन और रोबोटिक्स
पंडरिया, 10 जुलाई (आरएनएस)। पंडरिया विधानसभा के विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से विधायक भावना बोहरा ने एक अभिनव पहल की है। जल्द ही विधानसभा क्षेत्र में ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब की शुरुआत की जाएगी। इस अत्याधुनिक मोबाइल लैब के माध्यम से सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों, उच्चतर विद्यालयों और सरस्वती शिशु मंदिरों के विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, ड्रोन, एयरोमॉडलिंग, 3D प्रिंटिंग, कोडिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) और ऑगमेंटेड-वर्चुअल रियलिटी (AR/VR) जैसी आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मोबाइल लैब बस के रूप में तैयार की जा रही है, जो पंडरिया विधानसभा के विभिन्न विद्यालयों तक पहुंचेगी। पांच अनुभवी प्रशिक्षकों की टीम प्रत्येक विद्यालय में 3 से 5 दिनों की कार्यशाला आयोजित करेगी। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं, बल्कि स्वयं ड्रोन उड़ाने, रोबोट संचालित करने, कोडिंग करने और 3D मॉडल तैयार करने का भी अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण पूरा करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
इस योजना के प्रथम चरण में कक्षा 10वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा। लक्ष्य है कि प्रतिवर्ष 5 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा का लाभ मिले और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी शहरों के समान तकनीकी अवसर उपलब्ध हो सकें।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि आज का दौर विज्ञान और तकनीक का है। यदि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को समय पर आधुनिक संसाधन और गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराई जाए तो वे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी शहर या संसाधन की मोहताज नहीं होती, बल्कि सही अवसर मिलने पर गांवों के बच्चे भी नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं।
उन्होंने बताया कि ‘भावना दीदी की साइंस पाठशालाÓ का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार, रचनात्मकता और आधुनिक तकनीकी कौशल विकसित करना है, ताकि वे भविष्य की प्रतिस्पर्धा और तकनीक आधारित करियर के लिए तैयार हो सकें।
भावना बोहरा ने अपनी पूर्व पहल का उल्लेख करते हुए बताया कि पंडरिया विधानसभा की छात्राओं को उच्च शिक्षा से जोडऩे के लिए पहले से 10 नि:शुल्क बसों का संचालन किया जा रहा है। इस सुविधा के माध्यम से अब तक 1,500 से अधिक छात्राएं घर से महाविद्यालय तक सुरक्षित आवागमन कर उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प है कि संसाधनों के अभाव में पंडरिया विधानसभा का कोई भी विद्यार्थी शिक्षा और अवसरों से वंचित न रहे।
0


