0 लाखों का नुकसान; फायर ब्रिगेड की देरी पर फूटा लोगों का गुस्सा
तखतपुर, 11 जुलाई (आरएनएस)। तखतपुर के प्रसिद्ध गणेश कॉफी एंड स्वीट्स में शुक्रवार को भीषण आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे प्रतिष्ठान को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की विकराल लपटों के सामने उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पानी व अन्य संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग पूरे होटल में फैल चुकी थी। घटना में होटल का फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, खाद्य सामग्री सहित लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।
घटना के बाद सबसे अधिक नाराजगी फायर ब्रिगेड की देरी को लेकर देखने को मिली। लोगों का कहना है कि जब तक दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, तब तक होटल पूरी तरह जल चुका था। यदि समय पर फायर ब्रिगेड पहुंच जाती तो नुकसान काफी हद तक कम किया जा सकता था।
स्थानीय नागरिकों ने तखतपुर में स्थायी फायर ब्रिगेड की व्यवस्था नहीं होने पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि करीब दो वर्ष पहले मुख्यमंत्री द्वारा तखतपुर में फायर ब्रिगेड उपलब्ध कराने की घोषणा की गई थी, लेकिन आज तक यह सुविधा शुरू नहीं हो सकी। हर आगजनी की घटना के बाद यह मुद्दा उठता है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
घटना के बाद जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के प्रति भी लोगों में नाराजगी देखने को मिली। नागरिकों का कहना है कि आग जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव गंभीर चिंता का विषय है। उनका आरोप है कि जनप्रतिनिधियों की उदासीनता और प्रशासन की धीमी कार्यप्रणाली का खामियाजा आम लोगों को बार-बार भुगतना पड़ रहा है।
फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

