लोरमी, 20 जुलाई (आरएनएस) । मुंगेली जिले के लोरमी नगर पालिका क्षेत्र में छत्तीसगढ़ महतारी और पूर्व जनप्रतिनिधियों के तैलचित्र कथित तौर पर कचरे के ढेर में मिलने के बाद राजनीतिक विवाद गहरा गया है। घटना को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने कड़ी आपत्ति जताते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लोरमी थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में अज्ञात लोगों पर राजनीतिक दुर्भावना के चलते छत्तीसगढ़ महतारी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मंत्री अनिला भेडिय़ा के तैलचित्र कचरे के ढेर में फेंकने का आरोप लगाया गया है।कांग्रेस का कहना है कि घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने से क्षेत्रवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं। पार्टी ने इसे समाज में वैमनस्य और तनाव फैलाने की कोशिश बताते हुए दोषियों की शीघ्र पहचान कर उचित
कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की है।इधर, लोरमी थाना प्रभारी अखिलेश वैष्णव ने बताया कि पुलिस को इस संबंध में लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।वहीं, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी कार्यकर्ता जनता के साथ मिलकर लोरमी थाने का घेराव, चक्काजाम और उग्र आंदोलन करेंगे। कांग्रेस ने कहा कि ऐसी स्थिति में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी प्रशासन और पुलिस की होगी।
०००


