विकासनगर,13 नवंबर (आरएनएस)। विकासनगर में अस्पताल रोड पर आए दिन लगने वाले जाम से लोगों की परेशानी कम नहीं हो रही है। सड़क किनारे खड़े वाहनों से भी जाम की समस्या बढ़ जाती है। लेकिन इसको लेकर अभी तक कोई ठोस योजना नहीं बन पाई है। विकासनगर की अस्पताल रोड पर चलना लोगों के लिए दूभर हो गया है। नगर का सरकारी अस्पताल और शिक्षा विभाग का ब्लॉक स्तरीय कार्यालय, टेलीफोन एक्सचेंज जैसे सभी कार्यालयों के लिए अधिकतर वाहन और लोगों की आवाजाही के लिए अस्पताल रोड ही मुख्य मार्ग है। इसके अलावा नगर के मार्केट का एक खास क्षेत्र होने के चलते भी यहां हर समय काफी भीड़ रहती है। पहले ही यह मार्ग काफी संकरा है। अतिक्रमण से मार्ग और संकरा हो गया है। पहले लोग अस्पताल रोड से निकलने के बजाए लोग आसपास के गलियों से निकलकर बाजार पहुंच जाते थे, लेकिन वर्तमान में तमाम गलियों को सीवर और पेयजल लाइन के लिए खोदा गया है। जिसके कारण अधिकतर लोग इसी मार्ग का प्रयोग कर रहे हैं। दूसरी और सैय्यद रोड पर अवैध पार्किंग से भी समस्या बढ़ गई है।
वर्तमान में वैकल्पिक मार्ग खुदे हुए हैं। जिसके कारण पूरा लोड इस रोड पर पड़ गया है। जिससे जाम की समस्या हो रही है। अतिक्रमण और पार्किंग को लेकर नगर पालिका से वार्ता कर इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जिससे कि लोगों को राहत मिल सके। – विनोद गुसाईं, कोतवाल विकासनगर
अवैध पार्किंग और अतिक्रमण को लेकर जल्द ही पुलिस के साथ मिलकर अभियान चलाया जाएगा। लोगों से भी अपील है कि वह अपने वाहनों को सड़क पर पार्क न करें। जिससे कि जाम की समस्या न हो। – बद्री प्रसाद भट्ट,अधिशाासी अधिकारी नगर पालिका
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

