विकासनगर,13 नवंबर (आरएनएस)। विकासनगर में वर्तमान में लोगों को सीवर और पेयजल के लिए खुदी सड़कों से कई परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। एक ओर जहां खुदी सड़कों पर हिचकोले खाने के साथ ही गिरकर लोग चोटिल हो रहे हैं। दूसरी ओर मरम्मत के नाम पर मिट्टी, बजरी से पटी इस सड़कों से उठते धूल के गुब्बार से बच्चे, बूढ़े से लेकर आम लोग परेशान है। निर्माणदायी कंपनी की सुस्ती इस कदर है कि जिन मुख्य सड़कों को दीपावली से पहले चकाचक करने का दावा किया गया था, उन सड़कों पर भी अभी तक खुदाई हो रही है। ऐसे में अब निर्माणदायी कंपनी के खिलाफ लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। विकासनगर नगर पालिका के ग्यारह वार्डों में यूलिप परियोजना के तहत सीवर और पेयजल लाइन बिछाई जा रही है। मई माह में इसकी शुरुआत की गई है। सात माह बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक न तो सीवर लाइन बिछाने का कार्य पूरा हुआ है और न ही इनके लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत पूरी हो पाई है। बारिस के समय भी लोगों को सड़कों पर आवागमन करने में परेशानी हुई। अभी भी जितनी सड़कें खुदी हैं, उनमें से एक की भी मरम्मत नहीं हो पाई है। सामाजिक कार्यकर्ता कुक्की शाहू ने कहा कि खुदी सड़कों पर लोग धूल से सन जा रहे हैं। इससे स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर पानी छिड़काव की व्यवस्था होनी चाहिए ताकि धूल न उठे। निर्माणदायी संस्था ने विकासनगर की दो मुख्य सड़कों तेलपुर रोड और कैनाल रोड को दीपावली से पहले चकाचक करने का दावा किया था। लेकिन कंपनी की काम करने की रफ्तार इनती धीमी है कि चकाचक करना तो दूर अभी तक वह इन सड़कों पर अपना काम तक पूरा नहीं कर पाया है।
सीवर और पेयजल लाइन बिछाने का काम तेजी से चल रहा है। बीच में दीपावली और छट पूजा के कारण श्रमिकों की कमी हो गई थी। लेकिन अब तेजी से काम चल रहा है। सड़कों से धूल के गुब्बार न उठे इसके लिए पानी का छिड़काव किया जाएगा। – अमित सैनी, प्रोजेक्ट मैनेजर
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

