मेरठ 14 नवंबर (आरएनएस)। फलावदा थाना क्षेत्र में पुलिस और दबंगों की सांठ-गांठ का मामला सामने आया है। जहां दबंगों द्वारा सार्वजनिक रास्ते पर कब्जा करके गेट लगवा दिया गया। विरोध करने पर एक ग्रामीण के घर पर हमला बोला गया। आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में दबंगों का साथ देते हुए उल्टा पीडि़तों के खिलाफ ही जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया। इतना ही नहीं इस मुकदमे में दो नाबालिग भी आरोपी बनाए गए हैं। शुक्रवार को कप्तान ऑफिस पहुंचे पीडि़त ने दबंगों के हमले का वीडियो अधिकारियों को दिखाते हुए मामले में कार्यवाही की मांग की।
फलावदा थाना क्षेत्र के गगसोना गांव का रहने वाला दीपक कुमार शुक्रवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचा। दीपक ने आरोप लगाया कि गांव के रहने वाले कुछ दबंगों ने सार्वजनिक रास्ते पर कब्जा करके गेट लगवा दिया था। थाने में शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई न होने पर दीपक ने खुद यह गेट हटवा दिया।
आरोप है कि इसके बाद बीती 5 अक्टूबर को दबंगो ने दीपक के घर पर हमला बोलते हुए सभी लोगों की जमकर पिटाई की। जिसका वीडियो भी दीपक के बेटे ने बनाया था। इसके बावजूद पुलिस ने दबंगों द्वारा दी गई तहरीर पर कार्रवाई करते हुए उल्टा दीपक और उसके परिवार के खिलाफ ही जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया। इस हमले में 12 साल और 16 साल के किशोरों को भी आरोपी बनाया गया है। घटना का वीडियो अधिकारियों को दिखाते हुए पीडि़त ने कार्यवाही की मांग की। जिस पर अधिकारियों ने एसडीएम और सीओ मवाना को मामले की जांच सौंपी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

