आजमगढ़ 11 जून(आर एन एस)शहर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा गांव में एक बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भुवाल चौहान (65) पुत्र हरदेव चौहान के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, भुवाल चौहान बुधवार रात अपने घर के कमरे में सो रहे थे। आरोप है कि रात करीब 12 बजे के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से उनका गला रेतकर हत्या कर दी। गुरुवार सुबह जब परिजनों की नजर उन पर पड़ी तो घटना की जानकारी हुई। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

