-हरीश द्विवेदी ने मोदी सरकार की गिनाईं उपलब्धियां
मिल्कीपुर-अयोध्या,15 नवंबर (आरएनएस)। भारत रत्न पूर्व गृहमंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर मिल्कीपुर ब्लॉक मुख्यालय से मीठे गांव टोल प्लाजा तक 5 किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली गई। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री, पूर्व सांसद, असम राज्य के प्रभारी हरीश द्विवेदी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। टोल प्लाजा के पास पदयात्रा के समापन पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि हरीश द्विवेदी ने कहा कि देश की 562 रियासतों में से 561 रियासतों को एक करने का काम लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने ही किया। कश्मीर का जिम्मा तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने लिया था, जो वर्ष 2019 तक देश से अलग रहा। श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने आंदोलन किया लेकिन जेल में उनकी रहस्यमई मौत हो गई। सरदार वल्लभभाई पटेल के संकल्प को 5 अगस्त 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरा किया। जो लोग कहते थे कि धारा 370, 35ए हटाई गई तो खून की नदियां बहेंगी, वे लोग महीनों तक घरों में पड़े रहे, किसी की निकलने की हिम्मत नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभ भाई के व्यक्तित्व को किसी सीमा में नहीं बांधा जा सकता। उनका व्यक्तित्व बहुत विराट था, उनके संकल्प संदेश और सपने को लेकर चलना है इसीलिए दुनिया के सबसे बड़े स्मारक बनाने का कार्य भी किया गया है। कांग्रेस ने कभी उन्हें सम्मान नहीं दिया। सरदार वल्लभभाई पटेल ने भारत की एकता अखंडता को मजबूत करने और विश्व गुरु बनाने का जो संकल्प लिया है, उसे मोदी जी की सरकार पूरा कर रही है। पहले किसी राष्ट्राध्यक्ष से मिलने के लिए समय नहीं मिलता था, आज पूरी दुनिया हमारी प्रतीक्षा करती है, और पीछे चलती है। कांग्रेस की दशकों की सरकार में भारत की अर्थव्यवस्था 12वें स्थान पर थी, मोदी जी के 11 वर्ष के कार्यकाल में चैथे स्थान पर पहुंच गई है जिसे नंबर वन बनाना है। पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि देश की आजादी के बाद सरदार पटेल ने देश को एकजुट करने का जो काम किया है, वह अपने आप में अनूठी कहानी है। उनके दिखाएं मार्ग का हम सभी को अनुसरण करना चाहिए, सरदार का जीवन त्याग समर्पण से भरा हुआ है जो चाहते हैं हमारा देश एकजुट रहे अखंड रहे वह सड़कों पर निकले हैं। जनसभा में संबोधित करते हुए विधायक चंद्रभानु पासवान ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन संपूर्ण देशवासियों के लिए अनुकरणीय है। राष्ट्र उनके त्याग और समर्पण को सदैव याद रखेगा। विधायक ने जनसभा में पहुंचे लोगों का आभार प्रकट किया। जनसभा में भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, जिला महामंत्री राघवेंद्र पांडे, पूर्व नगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, पूर्व जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह, अखंड सिंह डिंपल, श्याम नारायण पाठक, ब्रह्म प्रकाश शुक्ला, जनार्दन मौर्य, बबलू पासी, राम सजीवन मिश्रा, अरुण गुप्ता, संतोष सिंह, पवन सिंह, भवानी फेर मिश्रा, शत्रुघ्न पांडे आदि रहे
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

