भोपाल,15 नवंबर (आरएनएस)। राजधानी भोपाल की सड़कों पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला, जब भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (बीसीएलएल) की लो फ्लोर रेड बस में आग लगने की घटना होते-होते बच गई।
पूरा मामला भोपाल के लिंक रोड नंबर-1 का है, जहां बोर्ड ऑफिस चौराहे से न्यू मार्केट की ओर जा रही लो फ्लोर बस से अचानक धुआं निकलने लगा। बस में आग लगते ही ड्राइवर-कंडक्टर कूद गए। इसके बाद सवारियों को भी उतारा गया।
घटना शनिवार सुबह की ही है। बस लगातार सड़क पर दौड़ रही थी, लेकिन समय रहते चालक और यात्रियों की सतर्कता से धुएं को काबू कर लिया गया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
यह बस टीआर-4 रूट पर बैरागढ़ से एम्स तक संचालित होती है। बता दें कि बीसीएलएल की बसों की खराब हालत को लेकर सवाल उठते रहे हैं। अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
नगर निगम में एमआईसी मेंबर मनोज राठौर ने बताया कि मामला शनिवार सुबह का ही है। बस बोर्ड ऑफिस की ओर से जा रही थी। तभी पिछले हिस्से में शार्ट सर्किट की वजह से धुआं निकलने लगा। तुरंत बस को रोककर काबू पाया गया। बस में 8 से 10 सवारियां बैठी थी, जो सुरक्षित है। बस के सभी दस्तावेज पूरे है। फिर भी जांच करवाई जा रही है।

