भोपाल,15 नवंबर (आरएनएस)।राजधानी भोपाल में पिपलानी पुलिस ने घर में नकली नोट छापने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पूर्व में एक प्रिंटिंग शॉप पर काम करता था। उसने घर में ही नकली नोट छापने का पूरा सेटअप लगाया था। जिसमें पेपर से लेकर प्रिंटर और डाइ मिली हैं। वह लंबे समय से यह काम कर रहा था और पुलिस ने उसके पास से करीब ढाई लाख रुपये के नकली 500 के नोट जब्त किए हैं। साथ ही नकली नोट छापने वाली मशीनें भी बरामद की गई हैं।
एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब 4 बजे सूचना मिली कि शांति नगर झुग्गी बस्ती के पास एक युवक नकली नोट चलाने की फिराक में घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 500 रुपए के 23 नकली नोट बरामद हुए। आरोपी ने अपना नाम विवेक यादव (निवासी मुरली नगर, करोंद) बताया। पुलिस पूछताछ में विवेक ने बताया कि वह अपने ही घर में कम्प्यूटर और प्रिंटर की मदद से नकली नोट छाप रहा था। वह प्रिंटिंग प्रेस में काम कर चुका है, इसलिए उसे डिजाइनिंग और प्रिंटिंग का अनुभव है। इसका इस्तेमाल जाली नोट छापने में कर रहा था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस उसे उसके घर लेकर पहुंची। घर की तलाशी में पुलिस को 500 रुपए के 428 नकली नोट मिले। इस तरह कुल 2 लाख 25 हजार 500 रुपए के नकली नोट बरामद किए गए। साथ ही कम्प्यूटर, प्रिंटर, स्कैनर और नोट बनाने में इस्तेमाल अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।
पुलिस आरोपी से यह जानकारी जुटा रही है कि क्या आरोपी ने नकली नोट बाजार में चलाए भी हैं।
आरोपी विवेक ने पुलिस को बताया कि वो 10वीं पास है, लेकिन प्रिंटिंग की जानकारी के चलते उसने नकली नोट प्रिंट करने की प्लानिंग की, उसने नकली नोट छापने के लिए कई राइटर्स की किताबें पढ़ीं। अलग-अलग जगह से ऑनलाइन अध्ययन किया फिर ऑनलाइन ऑर्डर कर मटेरियल जुटाया और नकली नोट छापने लगा।

