भोपाल,15 नवंबर (आरएनएस)।धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे जनजातीय गौरव दिवस पर शनिवार को “गुरुकुलम” एकलव्य आदर्श आवासीय परिसर, बावडिय़ा कला में जिला स्तरीय कार्यक्रम का रंगारंग आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक कल्याण, घुमन्तु एवं अर्धघुमन्तु कल्याण राज्यमंत्री कृष्णा गौर उपस्थित रहीं। विशेष अतिथि के रूप में सांसद, खजुराहो लोकसभा क्षेत्र विष्णुदत्त शर्मा एवं विधायक, दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र भगवानदास सबनानी कार्यक्रम में शामिल हुए। अतिथियों का स्वागत आदिवासी संगीत एवं नृत्य की पारंपरिक प्रस्तुतियों के साथ किया गया तथा अतिथियों द्वारा पौधरोपण भी किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग प्रशांत आर्य, प्राचार्य अमृतराज झारिया, साजन कुमार झा एवं वेद प्रकाश पांडे “गुरुकुलम” परिसर में उपस्थित रहे। अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और आदिवासी समाज के उत्थान में उनके अद्वितीय योगदान पर प्रकाश डाला। राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन युगों-युगों तक प्रेरणा देता रहेगा।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनजातीय कलाकारों द्वारा आकर्षक गीत, संगीत और नृत्य प्रस्तुत किए गए। लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र वितरण के साथ अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके आदिवासी खिलाडिय़ों एवं कलाकारों को सम्मानित किया गया। जनजातीय जागरूकता के लिए संचालित जनजातीय गौरव रथ कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

