बॉलीवुड के सबसे प्रतिष्ठित परिवारों में शामिल कपूर खानदान अब अपने जीवन के अनदेखे पलों को दर्शकों के सामने लेकर आ रहा है। खाने-पीने के शौक और परिवार की रोचक परंपराओं को दिखाती उनकी नई डॉक्यूमेंट्री डाइनिंग विद द कपूर्स के पोस्टर और टीजर के बाद अब ट्रेलर भी रिलीज हो चुका है। इसके जरिए पहली बार दर्शक कपूर परिवार की डाइनिंग टेबल के पीछे छिपे किस्सों और रिश्तों की गर्माहट को बेहद करीब से महसूस कर पाएंगे।
डाइनिंग विद द कपूर्स के ट्रेलर में दिखाया गया है कि किस तरह कपूर परिवार अपने खाने के शौक, पुरानी यादों और मजेदार किस्सों के साथ एक ही फ्रेम में नजर आता है। रणबीर कपूर कभी कुकिंग करते दिखते हैं तो कभी अपने चचेरे भाई-बहनों की खिंचाई करते हुए माहौल हल्का कर देते हैं। करिश्मा कपूर और करीना कपूर भी अपने-अपने अंदाज में परिवार से जुड़ीं बातें करते नजर आ रहे हैं।
ट्रेलर में एक पल ऐसा भी आता है, जब करीना के प्यार का जिक्र होता है और पूरा परिवार मुस्कुराने लगता है, वहीं नीतू कपूर, रिद्धिमा कपूर साहनी और बाकी सदस्य राज कपूर की 100वीं जयंती को याद कर भावुक हो जाते हैं। कुल मिलाकर ट्रेलर कपूर परिवार की उसी गर्मजोशी और नोकझोंक को सामने लाता है, जिसके लिए उन्हें हमेशा जाना जाता है। करीना के साथ उनके पति और कपूर परिवार के दामाद सैफ अली खान भी नजर आए।
डाइनिंग विद द कपूर्स के ट्रेलर में करीना कपूर के साथ सैफ अली खान भी नजर आए। वह कपूर खानदान के दामाद हैं। लेकिन रणबीर कपूर के साथ आलिया भट्ट नहीं दिखीं। कपूर परिवार के साथ एक्ट्रेस की गैरमौजूदगी फैंस को काफी खटकी। इस बात पर यूजर्स ने सवाल कर दिए। फैंस ने पूछा कि आलिया कहां है?
डॉक्यूमेंट्री डाइनिंग विद द कपूर्स में कपूर परिवार के लोग कई बातों और यादों का जिक्र करेंगे। खासकर राज कपूर से जुड़ी यादें साझा की जाएंगी। यह डॉक्यूमेंट्री 21 नवंबर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

