केशव सल्होत्रा
जगदलपुर 17 जून ( आरएनएस) सड़कों पर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आज ट्रैफिक पुलिस का सख्त एक्शन देखने को मिला। काली फिल्म चढ़ाकर बेखौफ घूम रहे वाहन चालकों की चालाकी ज्यादा देर नहीं चली, जबकि रफ्तार का रोमांच दिखा रहे 20 वाहन चालक भी पुलिस के शिकंजे में आ गए।
17 जून को यातायात पुलिस द्वारा शहर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ब्लैक फिल्म लगे चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई। जिन वाहनों के शीशों पर अवैध ब्लैक फिल्म लगी मिली, उनके खिलाफ मोटर यान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए मौके पर ही ब्लैक फिल्म निकलवाई गई।
इसी अभियान के दौरान तेज रफ्तार में वाहन दौड़ा रहे मोटरसाइकिल और अन्य चारपहिया वाहन चालकों पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। ओवरस्पीड में वाहन चलाते पाए गए 20 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर यान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को स्पष्ट रूप से समझाइश दी कि तेज रफ्तार और नियमों की अनदेखी न केवल उनकी बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में डाल सकती है।
फिलहाल, जगदलपुर यातायात पुलिस का संदेश साफ है—सड़क पर स्टाइल नहीं, नियम चलेंगे। ब्लैक फिल्म हो या बेलगाम रफ्तार, कानून तोड़ने वालों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

