रामानुजगंज, 1६ नवम्बर (आरएनएस)। ठंड के मौसम में सेहत और स्वाद दोनों से भरपूर माना जाने वाला बथुआ का साग इन दिनों रामानुजगंज बाजार में प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है। स्थानीय किसानों के अनुसार यह साग सामान्यत: अन्य फसलों के साथ खरपतवार के रूप में अपने आप उग आता है, जिसके कारण इसकी पैदावार आसानी से हो जाती है। सर्दी की शुरुआत के साथ ही इसकी मांग बढऩे लगी है और बाजारों में इसकी आवक भी तेजी से बढ़ रही है। वर्तमान में बथुआ का साग बाजार में 80 से 120 रुपये प्रति किलो के भाव से बिक रहा है। शुरुआती ठंड में इसकी सीमित उपलब्धता के कारण कीमतें ऊँची रहती हैं, लेकिन जैसे-जैसे मौसम आगे बढ़ता है और खेतों में इसकी भरपूर पैदावार होने लगती है, इसकी कीमत में भारी गिरावट आ जाती है। स्थानीय सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि आगामी दिनों में बथुआ 5 से 10 रुपये किलो के भाव पर आसानी से मिलने लगेगा, क्योंकि इसकी आपूर्ति बहुत अधिक हो जाती है। बथुआ को पोषक तत्वों का खजाना माना जाता है। इसमें आयरन, कैल्शियम, विटामिन ए और फाइबर भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जिससे यह सर्दियों में बेहद उपयोगी सब्जी बन जाती है। लोग इसे साग, पराठा, रायता और दाल के साथ मिलाकर बड़े चाव से खाते हैं। चिकित्सक भी इसे सर्दियों के लिए फायदेमंद मानते हैं, क्योंकि यह पाचन में सुधार करने के साथ शरीर को गर्माहट भी प्रदान करता है। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि हर रोज सुबह से ही बथुआ खरीदने वालों की भीड़ देखी जा रही है। उपभोक्ता भी इसकी ताजगी और लाभकारी गुणों के कारण इसे नियमित रूप से अपनी थाली में शामिल कर रहे हैं। ठंड के इस मौसम में बथुआ का साग न सिर्फ स्वाद बढ़ा रहा है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद साबित हो रहा है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

