रायपुर, 16 नवंबर 2025/ गुजरात के डेडियापाड़ा में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने उद्बोधन में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और राज्य में हो रहे विकास की खुलकर प्रशंसा की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज की बढ़ती भागीदारी भारत के विकास की नई पहचान है और इस दिशा में छत्तीसगढ़ की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज से आने वाले मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सभी क्षेत्रों में सकारात्मक और व्यापक परिवर्तन दिखाई दे रहा है। शासन, सेवा और विकास के हर आयाम में जनजातीय समाज का सशक्त प्रतिनिधित्व ‘सबका साथ, सबका विकास’ की वास्तविक शक्ति को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने हालिया रायपुर प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने वहां शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का लोकार्पण किया, जो छत्तीसगढ़ के जनजातीय इतिहास, परंपरा और बलिदान का भव्य प्रतीक बनकर राष्ट्रीय धरोहर के रूप में स्थापित होगा।
प्रधानमंत्री की इन सराहनात्मक टिप्पणियों ने पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री का सम्मान समूचे राज्यवासियों का मनोबल बढ़ाने वाला है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ मंत्र को आधार बनाकर जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निष्ठापूर्वक कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से राज्य में जनजातीय सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी देश के गौरव हैं और जनजातीय समाज उनके स्नेह के लिए कृतज्ञ है।
मुख्यमंत्री ने संकल्प दोहराते हुए कहा कि ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण के माध्यम से राज्य सरकार ‘विकसित भारत’ के प्रधानमंत्री के संकल्प की पूर्ति में पूर्ण योगदान देगी। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की अस्मिता, स्वाभिमान और आकांक्षाओं को साकार करने के लिए सरकार निरंतर कार्यरत है तथा प्रधानमंत्री के आशीर्वाद से यह विकास यात्रा और अधिक गतिशील और प्रभावी बनेगी।


















