नई दिल्ली, 16 नवंबर (आरएनएस)। राष्ट्रीय प्रेस दिवस-2025 के अवसर पर एक्रेडिटेड जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन और प्रेस क्लब ऑफ इंडिया द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित भव्य समारोह प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में संपन्न हुआ। देशभर से आए वरिष्ठ पत्रकारों, मीडिया विशेषज्ञों और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक गरिमामय बना दिया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित स्वदेश भूषण, के. शिवकुमार, सुधीर महाजन (से.नि. IAS) और अनिल कुमार सक्सेना (IIS) ने मीडिया के बदलते स्वरूप, पत्रकारिता के नैतिक मानकों और सूचना की विश्वसनीयता पर अपने विचार व्यक्त किए। अतिथियों की गहन टिप्पणियों ने पत्रकारिता की दिशा और चुनौतियों को नई रोशनी दी। अध्यक्षता करते हुए एक्रेडिटेड जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री विजय शंकर चतुर्वेदी ने कहा, “राष्ट्रीय प्रेस दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि आत्ममंथन का अवसर है। निष्पक्ष और साहसिक पत्रकारिता ही लोकतंत्र को मजबूत बनाती है। पत्रकारों की सत्यनिष्ठा और सामाजिक जिम्मेदारी हमारी असली पहचान है।” प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के महासचिव श्री नीरज ठाकुर ने समकालीन मीडिया परिदृश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा, “मीडिया का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। ऐसे में पत्रकारों को विश्वसनीयता, संवेदनशीलता और पेशेवर नैतिकता बनाए रखते हुए नई तकनीकों से खुद को जोड़ना जरूरी है।”
कार्यक्रम के कुशल संचालन में जनरल सेक्रेटरी श्री कोड़ले चन्नप्पा और कोषाध्यक्ष श्री जगन नेगी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह का समापन पत्रकारिता की स्वतंत्रता, निष्पक्षता और जनहित के प्रति अटूट प्रतिबद्धता की भावना के साथ हुआ, जो सभी उपस्थितों के लिए प्रेरणादायी साबित हुआ।

