कटनी 16 Nov, (Rns) । मध्य प्रदेश के कटनी में बीते दिनों लल्लू राम और उनकी पत्नी के हत्याकांड की गुत्थी सुलझ गई है। कलयुगी बेटे ने ही कुल्हाड़ी से वार कर उन्हें मौत के घाट उतारा था। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूरी घटना बड़वारा थाना क्षेत्र की है।
दरअसल, मामला शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात निगहरा गांव का है। जहां संत कुमार श्रीवास नामक व्यक्ति के खेत की रखवाली कर रहे लल्लू राम कुशवाहा और उनकी पत्नी प्रभा कुशवाहा की बेरहमी से कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई थी। सुबह जब लोगों ने शव देखा तो पैरों तले जमीन खिसक गई। ग्रामीणों ने फौरन पुलिस को इसकी जानकारी दी।
हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान पुलिस ने खेत में मौजूद बेटी से पूछताछ की जिसमें उसने बताया कि उसका भाई अभिषेक घर पर आया था। संदेह के आधार पर पुलिस ने अभिषेक कुशवाहा से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले एक सड़क हादसे में वह घायल हो गया था। इस दौरान काफी पैसे खर्च हुए थे। इसी पैसों को लेकर पिता से उसका अक्सर विवाद होता था। जिसके बाद बेटे ने पिता से बदला लेने की ठान ली। शुक्रवार को उसे मौक़ा मिला और रात में घर पहुंचकर उसने पिता और सौतेली मां पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। उसने इतनी तेजी से वार किया कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को कोर्ट में पेश किया।

