हरिद्वार,17 नवंबर (आरएनएस)। ऊर्जा निगम की विद्युत लाइन में फॉल्ट आने से सोमवार को उत्तरी हरिद्वार के खडख़ड़ी क्षेत्र में दो घंटे तक बिजली की सप्लाई बाधित रही। इस दौरान क्षेत्र की करीब पांच हजार की आबादी बड़ी परेशान रही। फॉल्ट सही होने के बाद क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति सुचारू हो सकी, जिससे लोगों को राहत मिली। सोमवार को सुबह 11 बजे ऊर्जा निगम की विद्युत लाइन में फॉल्ट आने के कारण खडख़ड़ी, गंगाधर महादेव नगर, रेलवे फाटक कॉलोनी आदि क्षेत्र में बिजली की सप्लाई बंद हो गई। सूचना मिलने पर ऊर्जा निगम के कर्मचारी विद्युत लाइन की मरम्मत का काम करने पहुंचे। मरम्मत काम पूरा होने में दो घंटे का समय लग गया। दोपहर एक बजे फॉल्ट सही होने के बाद क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति सुचारू हो सकी। वहीं रविवार देर रात को भी क्षेत्र में बिजली सप्लाई बंद होने से लोग जूझते रहे। रात के समय 11 बजे गुल हुई बिजली की सप्लाई रात दो बजे तक चालू हो सकी थी। स्थानीय निवासी शुभम, कार्तिक, विजय, कमल ने बताया कि दिन में कई दफा बिजली की ट्रिपिंग होती है। देर रात को बिजली सप्लाई बंद होने से घर की महिलाएं और बच्चे परेशान रहे। दिन में फिर से बिजली सप्लाई बाधित हो गई। दिन में घरेलू और बाहरी काम प्रभावित हो गए। स्थानीय लोगों ने मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति सुचारू रखी जाएं। वहीं ईई दीपक सैनी ने बताया कि फॉल्ट के कारण बिजली सप्लाई बाधित हो गई थी। फॉल्ट की मरम्मत कर बिजली सप्लाई सुचारू कराई गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

