कोलकाता,30 मई(आरएनएस)। महानगर कोलकाता के पोर्ट अंचल के वेस्ट पोर्ट थाना अंतर्गत गार्डेनरीच सर्कुलर रोड पर शनिवार दोपहर एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला। लाल बाजार पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, मटियाबुर्ज-हावड़ा रूट की एक तेज रफ्तार मिनी बस ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में दोनों युवकों की दर्दनाक मौत हो गई है। बार-बार हो रहे इन हादसों के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और पुलिस की यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह दर्दनाक घटना शनिवार दोपहर करीब 1:00 बजे गार्डेनरीच सर्कुलर रोड पर ब्रुकलेन श्रृंगारहट्टी पेट्रोल पंप के समीप घटी। मटियाबुर्ज से हावड़ा की तरफ जा रही मिनी बस बेहद तेज गति में थी। पेट्रोल पंप के पास चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया और सामने जा रही बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सुरजीत भर व शाह आलम सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
घटना की सूचना मिलते ही वेस्ट पोर्ट थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार पुलिस ने दोनों गंभीर रूप से घायल युवकों को स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में उठाकर एसएसकेएम अस्पताल भेजा। हालांकि, अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों ही युवकों को ‘मृत’ घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा की गई शुरुआती जांच में दोनों मृत युवकों की पहचान सुरजीत भर (31) हुगली जिले के चंदननगर व शाह आलम (31) गार्डेनरीच के पी-80/डी, मुदियाली मटियाबुर्ज इलाके के निवासी तौर पर हुई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पोर्ट अंचल के स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि गार्डेनरीच सर्कुलर रोड और आसपास के इलाकों में मिनी बसों और भारी वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने में ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। बार-बार इस तरह की लापरवाही और हादसों के कारण मासूम लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है, जिससे अब पुलिस की सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर बड़े सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

