जशपुर, 15 जुलाई (आरएनएस)। सरगुजा रेंज में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 552.16 किलोग्राम गांजा, तीन चारपहिया वाहन जब्त करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ और वाहनों की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख 82 हजार 400 रुपये आंकी गई है।
पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा के निर्देशन में सरगुजा रेंज के सभी जिलों में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एमसीबी जिले की पुलिस से मिली खुफिया सूचना के आधार पर जशपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की।
=दो थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी=
कुनकुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने ओडिशा से गांजा लेकर आ रही इनोवा कार को रोककर उसकी तलाशी ली, जिसमें 311.35 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। हालांकि चालक जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
वहीं बगीचा थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्रेजा और आर्टिगा कार को पकड़ा। ब्रेजा चालक फरार हो गया, जबकि आर्टिगा में सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी मुख्य तस्करों की गतिविधियों पर नजर रखने का काम कर रहे थे। इस वाहन से 240.810 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
=ओडिशा के दो आरोपी गिरफ्तार=
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन्द्र राउत (29) और मोहम्मद समीर (26), निवासी सुंदरगढ़ (ओडिशा) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
=एक करोड़ से अधिक की जब्ती=
कार्रवाई के दौरान जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 82.82 लाख रुपये बताई गई है, जबकि तीनों वाहनों की कीमत करीब 38 लाख रुपये आंकी गई है। कुल मिलाकर पुलिस ने 1.20 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
=नशे के खिलाफ अभियान जारी=
जशपुर पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक जिले में चलाए गए अभियान के दौरान 1,269.071 किलोग्राम गांजा, 1,840 कफ सिरप, 8.04 ग्राम ब्राउन शुगर, 130 गांजा के पौधे और 875 नशीले इंजेक्शन जब्त किए जा चुके हैं। विभिन्न मामलों में 33 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल 14 वाहन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी

