धमतरी,15 जुलाईं (आरएनएस)। भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए धमतरी पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक एवं सुरक्षा प्लान जारी किया है। 16 जुलाई 2026 को सुबह 9 बजे से रथयात्रा समाप्ति तक घड़ी चौक से विंध्यवासिनी मंदिर तक सभी प्रकार के चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान केवल आपातकालीन सेवाओं और अधिकृत वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।
पुलिस अधीक्षक भावना पाण्डेय के निर्देश पर उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) मोनिका मरावी के मार्गदर्शन और यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक खेमराज साहू के नेतृत्व में रथयात्रा मार्ग, प्रमुख चौराहों, पार्किंग स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की गई है।
श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग व्यवस्था
रथयात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग मार्गों के अनुसार पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं—
रायपुर एवं गुंडरदेही मार्ग से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन मकई गार्डन में पार्क करेंगे।
कांकेर मार्ग से आने वाले श्रद्धालु इंडोर स्टेडियम परिसर में वाहन खड़े करेंगे।
नगरी, सिहावा एवं रूद्री मार्ग से आने वाले श्रद्धालु विंध्यवासिनी मंदिर के पीछे स्थित गौशाला मैदान और एकलव्य खेल परिसर में पार्किंग का उपयोग करेंगे।
रथयात्रा के दौरान प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग, डायवर्जन, मार्ग संकेतक एवं वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
ड्रोन और सादे कपड़ों में पुलिस रखेगी नजर
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए वर्दीधारी पुलिस बल के साथ सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी, साइबर टीम और विशेष निगरानी दल तैनात रहेंगे। पूरे रथयात्रा मार्ग और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जाएगी। संदिग्ध व्यक्तियों, जेबकतरों, चाकूबाजों और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी तथा कानून व्यवस्था बिगाडऩे वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
धमतरी पुलिस की अपील
धमतरी पुलिस ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, प्रतिबंधित मार्गों पर चारपहिया वाहन लेकर प्रवेश न करें तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस अथवा डायल-112 पर दें।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि नागरिकों के सहयोग से भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा महापर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

