कवर्धा, 15 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के कवर्धा शहर में दिनदहाड़े लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। दर्रीपारा स्थित स्टेट बैंक के पास एक बुजुर्ग से 3 लाख 50 हजार रुपये से भरा बैग छीनकर भाग रहे आरोपी को स्थानीय लोगों ने साहस का परिचय देते हुए दौड़ाकर पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग अपने निजी काम से स्टेट बैंक से 3.50 लाख रुपये निकालकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे युवक ने उनके हाथ से रुपयों से भरा बैग छीन लिया और फरार होने लगा। बुजुर्ग के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल आरोपी का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे दबोच लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह जांच कर रही है कि वारदात में कोई अन्य साथी भी शामिल था या नहीं।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से शहर में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते लूटी गई पूरी रकम सुरक्षित बरामद कर ली गई। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

