० अध्यक्ष ने प्रेसवार्ता को किया संबोधित
सुकमा, 16 जुलाईं (आरएनएस)। बस्तर में नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण के बाद अब क्षेत्र को स्वास्थ्य, जागरूकता और जनकल्याण की नई पहचान देने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। संजय अग्रवाल छत्तीसगढ़ योग आयोग छत्तीसगढ़ शासन ने सुकमा दौरे के दौरान सर्किट हाउस सुकमा में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि बस्तर संभाग के सातों जिलों में लगभग दो हजार योग शिक्षकों की नियुक्ति करने की योजना है। इन शिक्षकों के माध्यम से आश्रम-छात्रावासों से लेकर गांव-गांव तक योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा का व्यापक अभियान संचालित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य स्वस्थ, जागरूक और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण करना है।
योग आयोग के अध्यक्ष अग्रवाल के अनुसार आगामी दिनों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देते हुए प्रशिक्षित योग शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए सातों जिलों के 32 विकासखंडों में सात दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित होंगे, जिनमें सफल अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। नियुक्त शिक्षक प्रतिदिन आश्रम-छात्रावासों में विद्यार्थियों को योग का प्रशिक्षण देंगे तथा गांवों में पहुंचकर लोगों को योग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता का विस्तार होगा।
राज्य सरकार योग को शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था से जोडऩे की दिशा में भी तेजी से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा प्रदेश के सभी स्कूलों में योग को अनिवार्य पाठ्यक्रम में शामिल करने की घोषणा के अनुरूप कार्ययोजना तैयार की जा रही है। वहीं दंतेवाड़ा में पांच एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक योग एवं नेचुरोपैथी वेलनेस सेंटर की स्थापना की तैयारी भी शुरू हो गई है, जहां योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
योग आयोग ने व्यसनमुक्ति को भी इस अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया है। गांव-गांव में योग शिक्षकों द्वारा जनजागरण, घर-घर संपर्क और नियमित योग कक्षाओं के माध्यम से लोगों को नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि सुरक्षा, विकास और स्वास्थ्य को साथ लेकर चल रही यह पहल बस्तर को नई पहचान देने के साथ-साथ प्रदेश में जनकल्याण आधारित विकास मॉडल के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में मनोज पाणिग्रही, राम महेश शुक्ला, इलाहरी राव, नगर पालिका उपाध्यक्ष भुनेश्वरी यादव, जनप्रतिनिधि नूपुर वैदिक, विश्वराज चौहान, राम सोड़ी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

