रतलाम 16 जुलाई (आरएनएस)। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिवा ने बताया कि जिले के विभिन्न आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में दस्तक अभियान के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। इसी क्रम में आलोट विकासखंड के आयुष्मान आरोग्य मंदिर मर्मियाखेड़ी में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों को केंद्र पर लाया गया।
कार्यक्रम में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर योगेंद्र टॉक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शांति बैरागी तथा आंगनवाड़ी सहायिका कौशल्या माली की उपस्थिति में बच्चों के हीमोग्लोबिन, लंबाई, वजन एवं एमयूएसी (रू्रष्ट) टेप से कुपोषण संबंधी स्क्रीनिंग की गई। साथ ही पीलिया, निमोनिया, दस्त सहित बाल्यकालीन बीमारियों की जांच भी की गई।
इस दौरान बच्चों के अभिभावकों को ओआरएस पैकेट वितरित कर उसके सही उपयोग की जानकारी दी गई तथा 9 माह से 5 वर्ष आयु तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाई गई। कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर योगेंद्र टॉक ने बताया कि विटामिन-ए की खुराक से बच्चों में रतौंधी की समस्या की रोकथाम होती है तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढऩे से विभिन्न बीमारियों से बचाव में सहायता मिलती है।

