सरगुजा, 15 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। बतौली थाना क्षेत्र के बासांझाल बालापानी गांव में एक बुजुर्ग की कथित तौर पर उसकी बेटी और दामाद ने गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने खून के निशान मिटाने के लिए फर्श को गोबर से लीप दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई को माईकल टोप्पो ने थाना बतौली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि लोहर साय कोरवा की हत्या उसकी बेटी सोन कुंवारी और दामाद बंधन कोरवा ने कर दी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो बुजुर्ग का शव घर की परछी में पड़ा मिला। घटनास्थल पर खून के निशान गोबर से ढके हुए पाए गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक मोटरसाइकिल की किश्त चुकाने के लिए बेटी-दामाद से पैसों की मांग कर रहा था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में दोनों ने गमछे से गला घोंट दिया और जमीन पर पटककर मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण, साक्ष्य संकलन और पोस्टमार्टम कराया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

