रांची 15 जुलाई (आरएनएस)। झारखंड के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में एमबीबीएस की सीटें 180 से बढ़ाकर 250 करने के प्रस्ताव को नेशनल मेडिकल कमिशन (एनएमसी) ने मंजूरी दे दी है। अब चालू शैक्षणिक सत्र से 250 छात्रों का नामांकन होगा। इससे पहले एमजीएम मेडिकल कॉलेज, जमशेदपुर की सीटें 100 से बढ़ाकर 150 की गई थीं। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इसे राज्य के स्वास्थ्य और मेडिकल शिक्षा क्षेत्र में नई क्रांति की शुरुआत बताते हुए कहा कि सरकार चिकित्सा व्यवस्था को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि सीटों की वृद्धि के साथ फैकल्टी, हॉस्टल, प्रयोगशालाओं और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। रिम्स के प्रभारी निदेशक डॉ. डी. के. सिन्हा ने इसे राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों का परिणाम बताया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

