खूंटी 15 जुलाई (आरएनएस)। थाना क्षेत्र के घाघरा स्थित तज्जना नदी पुल के पास 10 जुलाई को मिले युवक और महिला के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त स्कॉर्पियो, लोहे की रॉड, दोनों मृतकों व आरोपियों के मोबाइल फोन समेत कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को तजना नदी पुल के समीप एक अज्ञात युवक और एक अज्ञात महिला का शव मिलने के बाद खूंटी थाना में कांड संख्या 96/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)-2023 की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई।जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले कुन्दन प्रमाणिक उर्फ संजीत (36) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अन्य सहयोगियों के नाम बताए। इसके बाद पुलिस ने क्रमश: जितेन्द्र सिंह उर्फ जायरा (30), रितेश चीक बड़ाईक (18), मदन ठाकुर उर्फ मदन प्रमाणिक (48), सती देवी (38) तथा विजय रंजन शर्मा (40) को गिरफ्तार कर लिया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

