अंबिकापुर/बतौली,15 जुलाईं (आरएनएस) । सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल की किस्त के लिए रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक की बेटी और दामाद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को प्रार्थी माईकल टोप्पो ने थाना बतौली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसे राजू कोरवा ने फोन पर सूचना दी कि लोहर साय कोरवा की उसकी बेटी सोन कुंवारी और दामाद बंधन कोरवा ने हत्या कर दी है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचने पर लोहर साय का शव दामाद के घर के बरामदे में पड़ा मिला।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना के दिन लोहर साय मोटरसाइकिल की किस्त चुकाने के लिए रुपये मांगने को लेकर पहले अपनी पत्नी से विवाद कर चुका था। इसके बाद वह बेटी-दामाद के घर पहुंचा और वहां भी पैसों को लेकर विवाद होने लगा। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि विवाद बढऩे पर दोनों ने आवेश में आकर लोहर साय के गले में पहने गमछे (साफी) से उसका गला घोंट दिया और जमीन पर पटककर मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपियों ने खून के निशानों को मिटाने के लिए जमीन को गोबर से लीपकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास भी किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मृत्यु का कारण हत्यात्मक पाया गया।
मामले में थाना बतौली में अपराध क्रमांक 87/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 238 और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना की गई।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों बंधन कोरवा (40 वर्ष) और सोन कुंवारी (35 वर्ष), निवासी बासाझाल बालापानी, थाना बतौली को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने घटना को स्वीकार किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर, सहायक उपनिरीक्षक अरुण गुप्ता, महिला आरक्षक किरण तांडे सहित थाना बतौली की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

