लापरवाही बरतने एवं बैठक में उपस्थित न होने पर अधिशासी अभियंता यूपी सिडको का वेतन रोके जाने तथा कई अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के दिए निर्देश
प्रयागराज 17 नवंबर (आरएनएस)। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को संगम सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने एवं बैठक में उपस्थित न होने पर अधिशासी अभियंता यूपी सिडको का वेतन रोके जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने समाज कल्याण विभाग की सीएम डैशबोर्ड पर पांच योजनाओं में खराब प्रगति पाये जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी को कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश दिए है। उन्होंने बिजली विभाग के नोडल अधिकारी विद्युत अमर सिंह के द्वारा शहरी क्षेत्र में खराब विद्युत आपूर्ति होने के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी न दिए जाने पर जिलाधिकारी ने आगामी बैठक में मुख्य अभियंता व अधीक्षण अभियंता को उपस्थित रहने के निर्देश दिए है।
उन्होंने सीएनडीएस- 10 कार्यदायी संस्था के द्वारा समेकित विद्यालय के कुछ हिस्से में कार्य की गुणवत्ता खराब पाये जाने पर उस हिस्से को तोड़़कर पुन: उसका निर्माण गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराये जाने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने सिटी स्कैन की कुल 2797 संख्या के सापेक्ष टीएटी के भीतर 2790 रिपोर्ट ही उपलब्ध कराये जाने पर मुख्य चिकित्साधिकारी, चिकित्सा अधीक्षक-कॉल्विन व बेली को स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने जिन विभागों के मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर सी व डी रैकिंग है, ऐसे विभागों के सम्बंधित अधिकारियों को खराब रैकिंग होने का स्पष्टीकरण दिए जाने के लिए कहा है।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी जी0पी0 कुशवाहा, पीडी भूपेन्द्र कुमार सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संतोष कुमार सहित अन्य सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

