प्रयागराज 17 नवंबर (आरएनएस)। महिला ग्राम इंटर कॉलेज, सूबेदारगंज, प्रयागराज में आज यातायात माह 2025 के अंतर्गत यातायात, मिशन शक्ति एवं साइबर अपराध जागरूकता अभियान का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज एवं उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति, लखनऊ शाखा प्रयागराज के संयुक्त तत्वाधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में यातायात विभाग से आए निरीक्षक इंद्रपाल वर्मा, महिला उप निरीक्षक शालिनी सिंह एवं महिला उप निरीक्षक आकृति पांडे ने छात्राओं एवं विद्यालय की अध्यापिकाओं को यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा, डिजिटल सतर्कता तथा मिशन शक्ति से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं।
साथ ही उपस्थित छात्राओं को आपातकालीन स्थिति में उपयोगी सभी निशुल्क टोल-फ्री नंबरों की जानकारी भी दी गई, जैसे- 112 (इमरजेंसी सेवा), 1090 (महिला हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 102 (एंबुलेंस सेवा), 108 (चिकित्सा आपात सेवा), 101 (दमकल सेवा)। कार्यक्रम की अध्यक्षता गीता यादव, प्रधानाचार्य, महिला ग्राम इंटर कॉलेज ने की।
उक्त आयोजन चेयरमैन कमलेश श्रीवास्तव के निर्देशन एवं सचिव संतोष कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में अजीत कुमार सिन्हा (से.नि. जिला विद्यालय निरीक्षक), प्रकोष्ठ शिक्षा प्रभारी समिति, कार्यक्रम संयोजक राकेश शर्मा, पी.के. सूरी, संजय शुक्ला, अजय सिंह रघुवंशी, प्रेमचंद स्वर्णकार, अर्जुन सिंह, संदीप सोनी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

