लखनऊ 19 नवंबर (आरएनएस ) लखनऊ मंडल प्रशासन नागरिक सुविधाओं के विकास और उनसे जुड़े कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में चिनहट द्वितीय वार्ड के विकल्प खंड में चल रहे सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर प्राप्त शिकायतों के बाद बुधवार 19 नवंबर 2025 को मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने स्वयं मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया।यह सड़क सुधार कार्य म0सं0 3/93 से 3/207, 3/194-एन, 3/215, 3/421 से 3/412, 3/406 से 3/400, 3/423 से 3/376, 2/178 से पार्क के चारों ओर तथा 1/5 से 1/9 तक संचालित किया जा रहा है। लखनऊ विकास प्राधिकरण की धनराशि और ई-निविदा में हुई बचत राशि को मिलाकर कुल 27.58 लाख रुपये की लागत से यह कार्य किया जा रहा है।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार, स्थानीय पार्षद शैलेंद्र वर्मा, अपर नगर आयुक्त नम्रता सिंह, जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी, अधिशासी अभियंता जोन-4 सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद थे। क्षेत्रीय नागरिकों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए मंडलायुक्त के सामने अपनी शिकायतें रखीं और कार्य में लापरवाही की ओर ध्यान आकर्षित किया।अधिकारियों ने मंडलायुक्त को अवगत कराया कि अभी केवल पैचवर्क के रूप में डीबीएम (डेंस बिटुमिनस मैकाडम) की परत डाली गई थी, जबकि अंतिम परत बीसी (बिटुमिनस कंक्रीट) डालना बाकी था। इसी दौरान कुछ हिस्सों में उपयोग की गई सामग्री अधोमानक पाई गई, जिसे नगर निगम ने अपने विभागीय गैंग के माध्यम से तत्काल हटवा दिया। गुणवत्ताहीन कार्य की पुष्टि होने पर नगर निगम ने ठेकेदार पर 50,000 रुपये अर्थदंड लगाया और उसे एक वर्ष के लिए डिबार कर दिया है, जिससे वह भविष्य में किसी भी निगम प्रोजेक्ट में सहभागिता नहीं कर सकेगा। इसके अतिरिक्त ठेकेदार के विरुद्ध स्थानीय थाने में विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े हर कार्य की नियमित और कड़ी निगरानी आवश्यक है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि भविष्य के लिए एक स्पष्ट और मजबूत एसओपी तैयार की जाए, ताकि निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।मंडलायुक्त ने यह भी कहा कि लोक धन का उपयोग पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ होना चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयबद्ध रूप से पूरा कराया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द गुणवत्तापूर्ण सड़क सुविधा प्राप्त हो सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

