लखनऊ 19 नवंबर (आरएनएस ) समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन देकर मुजफ्फरनगर और झाँसी जिलों में मतदाता सूची से जुड़ी गंभीर अनियमितताओं पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि कई विधानसभाओं में बी.एल.ओ. निर्वाचन आयोग के नियमों का पालन नहीं कर रहे, जिससे मतदाताओं में भ्रम और असंतोष बढ़ रहा है।समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि मुजफ्फरनगर जिले की 11-बुढ़ाना, 12-चरथावल, 13-पुरकाजी, 14-मुजफ्फरनगर, 15-खतौली और 16-मीरापुर विधानसभा क्षेत्रों में बी.एल.ओ. घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित नहीं कर रहे हैं। इसके बजाय वे ग्राम प्रधान, कोटेदार या सत्ता पक्ष से जुड़े व्यक्तियों के घर बैठकर मतदाताओं को बुला-बुलाकर केवल एक-एक प्रपत्र दे रहे हैं। इतना ही नहीं, बी.एल.ओ. गणना प्रपत्र के साथ दस्तावेज लगाने का दबाव बनाकर निर्वाचन आयोग के निर्देशों का उल्लंघन कर रहे हैं। इससे मतदाताओं में भारी भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है।ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि झाँसी जिले की 222-बबीना और 225-गरौठा विधानसभा क्षेत्रों में 2003 की मतदाता सूची आयोग की वेबसाइट पर गलत तरीके से अपलोड कर दी गई है। किसी भी मतदान केंद्र की सूची खोलने पर किसी अन्य केंद्र की सूची दिखाई दे रही है, जिसके चलते मतदाताओं, बूथ लेवल एजेंटों और कार्यकर्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।समाजवादी पार्टी ने मांग की है कि मुजफ्फरनगर की सभी छह विधानसभाओं में बी.एल.ओ. द्वारा घर-घर जाकर दो प्रतियों में गणना प्रपत्र वितरित कराए जाएं और दस्तावेज की अनिवार्यता समाप्त की जाए, ताकि एसआईआर प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से पूरी हो सके।साथ ही, झाँसी की दोनों विधानसभाओं में मतदाता सूची की त्रुटियों को तत्काल सुधारते हुए सही सूची अपलोड किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया है।इस ज्ञापन को पार्टी की ओर से के.के. श्रीवास्तव और डॉ. हरिश्चंद्र सिंह ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंपा और त्वरित कार्रवाई की मांग की।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

