0केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री ने की छत्तीसगढ़ की सराहना
रायपुर, 20 नवम्बर (आरएनएस)। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत छत्तीसगढ़ को 774 नई सड़कें बनाने के लिए मंजूरी मिल गई है। इससे दूर के इलाकों और जिन इलाकों से संपर्क टूटा है, उन गांवों के लिए बारहमासी सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इस योजना के लिए केंद्र सरकार की तरफ से 2,225 करोड़ रुपए की मंजूरी मिल गई है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत छत्तीसगढ़ ने पूरे देश में बेहतर प्रदर्शन कर फिर से अग्रणी राज्यों की सूची में पहचान बनाई है। अब तक इस योजना के विभिन्न चरणों में राज्य को कुल 9722 सड़कें (कुल 48,594 किलोमीटर) और 669 पुल मंजूर किए गए हैं, जिनमें 8753 सड़कें (43,380 किलोमीटर) और 470 पुलों का निर्माण पूरा हो चुका है। यह उपलब्धि राज्य में ग्रामीण संपर्क और विकास को नई दिशा दे रही है।
बारहमासी सड़क सुविधा मिलेगी
बता दें कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ को 774 नई सड़कें (कुल लंबाई 2,426.875 किलोमीटर) मंजूरी की जानकारी दी। पहली बार उन ग्रामीण बसावटों को भी बारहमासी सड़क सुविधा प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है, जो अब तक संपर्क विहीन थीं। यह निर्णय राज्य के दूरदराज इलाकों और पिछड़े क्षेत्रों में स्थायी सड़क संपर्क सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण साबित होगा।
ग्रामीण इलाकों को लाभ
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री ने बताया कि इन सड़कों से ग्रामीण इलाकों को बाजार, स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल, पोषण और आपदा प्रबंधन जैसी बुनियादी सुविधाओं तक आसान पहुंच मिलेगी। इससे क्षेत्र का सामाजिक और आर्थिक विकास तेज होगा, ग्रामीण आजीविका में सुधार आएगा और लोगों को जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ आसानी से मिलेगा। यह ग्रामीण जीवन को आधुनिक और सुविधा संपन्न बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।
केंद्रीय मंत्री ने की सराहना
वहीं केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री ने छत्तीसगढ़ की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के सफल क्रियान्वयन में राज्य लगातार अग्रणी रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी इस उपलब्धि के लिए सभी ग्रामीण विकास अधिकारियों, इंजीनियरों और मैदानी कर्मचारियों को बधाई दी और कहा कि सरकार का संकल्प है कि छत्तीसगढ़ के हर ग्राम तक सुरक्षित, मजबूत और सर्व मौसम सड़क संपर्क पहुंचे, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण में नए आयाम स्थापित हों।
एसएस
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

