० घटना के बाद भागने की कोशिश—स्थानीयों ने रोका
बिलासपुर 20 नवम्बर (आरएनएस)। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 19 नवंबर की सुबह एक बड़ी लापरवाही सामने आई, जहां पुलिस लाइन में पदस्थ इंस्पेक्टर अनिल अग्रवाल ने अपनी कार से एक महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला संतोषी श्रीवास गंभीर रूप से घायल हो गईं। टक्कर लगने के बाद इंस्पेक्टर मौके से कार बढ़ाते हुए भागने लगे, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें पकड़ लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना अमेरी चौक के करीब सेंट फ्रांसिस स्कूल के पास हुई। इंस्पेक्टर की कार (सीजी 10 बीएन 9904) पहले बाइक सवार मुकेश त्रिपाठी से भिड़ी और फिर पैदल चल रही महिला को जोर से ठोकर मारती हुई आगे बढ़ी। महिला सिर के बल सड़क पर गिरकर बेहोश हो गईं।
लोगों ने इंस्पेक्टर को रोका, जिसके बाद अनिल अग्रवाल ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। हैरानी की बात यह है कि अस्पताल में उन्होंने बयान दिया कि महिला को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी थी। इसी आधार पर अस्पताल का मेमो तैयार किया गया है।
स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि वर्दीधारी अफसर शामिल होने के बावजूद अब तक उनके खिलाफ किसी तरह की पुलिस कार्रवाई नहीं की गई है। मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

