० सौतेला पिता और मां गिरफ्तार
रायपुर 20 नवम्बर (आरएनएस)। राजधानी के कबीर नगर थाना क्षेत्र स्थित हीरापुर सतनामी बस्ती में 18 नवंबर 2025 की दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई। मात्र 2 साल 7 माह के प्रशांत सेन की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस निर्मम कृत्य ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। पुलिस ने बच्चे की मां रेशमी ताम्रकार और सौतेले पिता आकिब खान को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अपराध क्रमांक 239/2025 के तहत धारा 103(1), 238, 3(5) क्चहृस् में हत्या का मामला दर्ज किया है।
घटना की जानकारी तब मिली जब कंट्रोल रूम को एम्स अस्पताल से मर्ग की सूचना दी गई। पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची और बच्चे के शव का पंचनामा किया। डॉक्टरों द्वारा दी गई शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में साफ लिखा था कि यह *अननेचुरल डेथ* है, जिससे हत्या की आशंका मजबूत हो गई। इसके आधार पर कबीर नगर पुलिस ने हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान परिजनों और गवाहों से पूछताछ में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। पता चला कि आरोपी मां और सौतेला पिता पिछले करीब 15 दिनों से मासूम को लगातार पीटते और प्रताडि़त करते थे। परिजनों के अनुसार, दोनों बच्चे को बाधा मानकर उससे छुटकारा पाने की नीयत से उसे अत्याचार का शिकार बना रहे थे।
घटना वाले दिन भी बच्चे को बुरी तरह मारा गया था। मारपीट के दौरान उसकी नाक, छाती और पेट में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं, जिनकी वजह से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने स्थल निरीक्षण, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, गवाहों के बयान और सबूतों के आधार पर यह निष्कर्ष निकाला कि बच्चे की हत्या सौतेले पिता आकिब खान ने की, और मां रेशमी ताम्रकार ने घटना छुपाने में उसका साथ दिया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। यह घटना पूरे शहर के लिए एक गहरा सदमा है कि घर जैसे सुरक्षित स्थान में ही एक मासूम को क्रूरतापूर्वक मौत के घाट उतार दिया गया।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

