बीजापुर, 20 नवंबर (आरएनएस)। किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए खरीफ वर्ष 2025 के लिए किसान पंजीयन एवं फसल-रकबा सुधार की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब जिन किसानों का पंजीयन शेष है या जिन्हें अपनी फसल एवं रकबे से संबंधित जानकारी में संशोधन करना है, वे 19 नवंबर से 25 नवंबर 2025 तक किसान पोर्टल के माध्यम से आवश्यक सुधार कर सकेंगे। यह विशेष अवसर जिले के शेष कृषकों, डूबान प्रभावित किसानों एवं वन पट्टाधारी कृषकों के लिए अत्यंत उपयोगी माना जा रहा है, जिससे वे अपनी अद्यतन जानकारी समय पर दर्ज कर आगामी समर्थन मूल्य खरीदी व्यवस्था का लाभ ले सकें। प्रशासन की ओर से तहसील कार्यालयों में किसानों के लिए आवश्यक सुधार की संपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है। जरूरत पडऩे पर संबंधित कार्यालयों में किसानों की प्रविष्टियों में त्वरित संशोधन भी किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। कलेक्टर संबित मिश्रा ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि के भीतर अपने पंजीयन एवं फसल-रकबा सुधार की प्रक्रिया अवश्य पूर्ण करें, जिससे खरीफ 2025 की खरीदी प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

