० मूल जाति प्रमाण पत्र एवं अन्य दस्तावेज प्रशासन को तुरंत सौंपने होंगे
वाड्रफनगर, 21 नवम्बर (आरएनएस)। प्रतापपुर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते की जाति संबंधी विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। फर्जी जाति प्रमाण पत्र के आरोपों के बीच अब जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। बलरामपुर जिला कलेक्टर की ओर से विधायक पोर्ते को नोटिस जारी कर मूल जाति प्रमाण पत्र सहित सभी संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए तलब किया गया है। इस मामले में 27 नवंबर को जिला स्तरीय छानबीन समिति सुनवाई करेगी।
जानकारी के अनुसार, हाईकोर्ट के निर्देश के बाद छानबीन समिति इस प्रकरण की जांच कर रही है। कुछ समय पहले आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया था कि विधायक ने पति पक्ष के आधार पर जाति प्रमाण पत्र बनवाया, जबकि दस्तावेज पिता पक्ष के आधार पर जारी किए जाते हैं। उनका आरोप था कि इस कथित फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर उन्होंने आरक्षित सीट से चुनाव लड़ा।
गोंड समाज की सदस्य जयश्री सिंह ने इस संबंध में हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। बिलासपुर हाईकोर्ट ने 17 जून 2025 को जिला और राज्य स्तरीय छानबीन समितियों को तत्परता से जांच करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद बलरामपुर जिला स्तरीय सत्यापन समिति की ओर से विधायक को तीन नोटिस भेजे जा चुके हैं, जिनमें प्रमाण पत्र से जुड़े मूल अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।
0000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

