० उद्यमियों, एफपीओ एवं स्वयं सहायता समूहों का ऑन-द-स्पॉट होगा पंजीयन
जशपुरनगर, 21 नवंबर(आरएनएस)। कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देशानुसार भारत सरकार की रैंप योजनांतर्गत जिले में विभागों एवं उद्यमियों को डिजिटल प्लेटफार्म के माध्यम से सामग्री की खरीदी एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 25 नवम्बर से 27 नवम्बर 2025 तक जेम पोर्टल प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला का उद्देश्य उद्यमियों, निर्माता, अधिकृत विक्रेताओं, ट्रेडर, एफपीओ समूहों एवं स्वयं सहायता समूहों को जेम पोर्टल पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्रदान कर डिजिटल व्यापार को बढ़ावा देना है।
महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र जशपुर नगर ने बताया कि कार्यशाला 25 नवम्बर को जनपद पंचायत सभाकक्ष पत्थलगांव, 26 नवम्बर को जनपद पंचायत सभाकक्ष कुनकुरी तथा 27 नवम्बर को मंत्रणा सभाकक्ष कलेक्ट्रेट जशपुर में आयोजित होगी। प्रशिक्षण सत्र प्रतिदिन प्रात: 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम में उद्यमियों को जेम पोर्टल की जानकारी के साथ-साथ सामग्री की खरीदी-विक्रय प्रक्रिया, लाभ एवं उपयोगिता की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों का ऑन-द-स्पॉट पंजीयन भी किया जाएगा, जिसके लिए प्रतिभागियों को पेन कार्ड, आधार कार्ड, मोबाईल नंबर, एमएसएमई/उद्यम रजिस्ट्रेशन, बैंक जानकारी एवं ईमेल आईडी सहित उपस्थित होना आवश्यक है। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित उद्यमियों, समूहों एवं विक्रेताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर प्रशिक्षण कार्यशाला में भाग लें और कार्यक्रम को सफल बनाएं।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

