नईदिल्ली,21 नवंबर। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने एशेज सीरीज 2025-26 के पहले टेस्ट में घातक गेंदबाजी की है। उन्होंने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ पर्थ टेस्ट के पहले दिन 5 विकेट हॉल और कुल 7 विकेट अपने नाम किए। ये उनके टेस्ट करियर का 17वां 5 विकेट हॉल रहा। उन्होंने एशेज सीरीज के इतिहास में 5वीं बार ये कारनामा किया है। ऐसे में आइए उनकी गेंदबाजी और आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।
स्टार्क ने मैच के पहले ओवर से ही घातक गेंदबाजी की। उन्होंने सलामी बल्लेबाज जैक क्रॉली (0) को छठी गेंद पर ही चलता कर दिया। इसके बाद उन्होंने बेन डकेट (21), जो रूट (0), बेन स्टोक्स (6), गस एटकिंसन (1), जेमी स्मिथ (33) और मार्क वुड (0) को अपना शिकार बनाया। स्टार्क ने 12.5 ओवर गेंदबाजी की और 4 मेडन के साथ 74 रन खर्च किए। ये उनके टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी रहा।
स्टार्क अपने टेस्ट डेब्यू के बाद पहली पारी के पहले ओवर में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। स्टार्क ने पहली पारी के पहले ओवर में 7 विकेट (40 ओवर) चटकाए हैं। उनके बाद जेम्स एंडरसन का नाम आता है, जिन्होंने 61 ओवर फेंककर 6 विकेट लिए हैं। स्टुअर्ट ब्रॉड ने 13 ओवरों में 5 विकेट हासिल किए, जबकि केमार रोच ने 36 ओवर डालकर 4 विकेट लिए हैं।
स्टार्क एशेज में 100 विकेट पूरे करने वाले पहले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बन गए हैं। कोई दूसरा बाएं हाथ का तेज गेंदबाज 90 एशेज विकेट भी नहीं ले पाया है। मिचेल जॉनसन 87 विकेट के साथ स्टार्क के बाद दूसरे स्थान पर हैं।
स्टार्क ने एशेज सीरीज में अब तक 23 मुकाबले खेले हैं, जिसकी 43 पारियों में उन्होंने 26.70 की औसत के साथ 104 विकेट लिए हैं। इस बीच उन्होंने 5 पारियों में 5 विकेट हॉल भी लिए हैं। वह इस प्रतिष्ठित सीरीज में विकेटों का शतक लगाने वाले कुल 21वें गेंदबाज बन गए हैं। बता दें कि एशेज में सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड शेन वॉर्न (195) के नाम पर दर्ज है।
स्टार्क ने इंग्लैंड के कप्तान स्टोक्स को भी चलता किया। इस तेज गेंदबाज ने उन्हें 10वीं बार अपना शिकार बनाया। वह स्टार्क को सबसे ज्यादा 6 बार बोल्ड कर चुके हैं। दूसरे स्थान पर रविचंद्रन अश्विन हैं, जिन्होंने उन्हें 5 बार बोल्ड किया है।
स्टार्क की घातक गेंदबाजी के सामने इंग्लैंड की पूरी पारी 172 रन पर समाप्त हो गई। हैरी ब्रूक ने टीम के लिए एकमात्र अर्धशतक (52) लगाया। उनके अलावा ओली पोप के बल्ले से 46 रन निकले। अपना पहला टेस्ट खेल रहे ब्रेंडन डॉगेट ने भी अच्छी गेंदबाजी की और 7 ओवर में 27 रन देकर 2 विकेट चटकाए। कैमरून ग्रीन को 1 सफलता मिली। स्कॉट बोलैंड ने 10 ओवर में 62 रन खर्च किए। उन्हें एक भी सफलता नहीं मिली।
स्टार्क ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2011 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक कुल 101 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 193 पारियों में 26.70 की औसत से 409 विकेट चटकाए हैं। उन्होंने 17 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 7/58 का रहा है। इस खिलाड़ी ने अपने टेस्ट करियर में सबसे ज्यादा विकेट इंग्लैंड के खिलाफ ही लिए हैं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

