लखनऊ 21 नवंबर (आरएनएस )। कमिश्नरेट लखनऊ के मडिय़ांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने बंद घरों का ताला तोड़कर चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए इन आरोपियों को उस समय पकड़ा जब ये बिना नंबर प्लेट की ग्रे रंग की कार से सीतापुर दिशा में भागने की कोशिश कर रहे थे। पकड़े गए तीनों आरोपियों के पास से भारी मात्रा में चोरी का माल, नकदी और चोरी में प्रयुक्त कार बरामद हुई है।घटना का खुलासा उस समय हुआ जब 21 नवंबर की सुबह पुलिस टीम भिठौली तिराहे के पास चेकिंग अभियान पर तैनात थी। तभी मुखबिर ने सूचना दी कि बंद घरों में सेंधमारी करने वाले आरोपी ग्रे रंग की एक कार से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोक लिया और उसमें बैठे तीनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया।पूछताछ में आरोपियों की पहचान जीशान गाजी उर्फ छोटू, मोहम्मद अरशद और रियाज के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 30 लाख रुपये की कीमत के जेवरात मिले, जिनमें पीली धातु के हार, चेन, मंगलसूत्र, अंगूठियां, चूडिय़ां, झुमके, बाली, कंगन, पायल, बिछिया समेत विभिन्न आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा सफेद धातु के चांदी जैसे जेवर, 50 हजार रुपये नकद और चोरी में इस्तेमाल की गई कार (क्क32छ्व्र0909) भी बरामद की गई।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद अरशद पर अकेले 22 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। यह मुकदमे लखनऊ के अलीगंज, इंदिरानगर, गुडम्बा, हसनगंज, मडिय़ांव और विकासनगर थानों में चोरी, सेंधमारी और गैंगस्टर एक्ट के तहत पंजीकृत हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि आरोपी लंबे समय से संगठित तरीके से चोरी की वारदातों में शामिल था।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नितिन कुमार, संजय कुमार, राजदीप चौधरी, अंकुर आनंद, पुष्पेंद्र चौधरी, शुभम तिवारी, अखिलेश सिंह, ज्ञानेन्द्र गौड़ समेत कुल 14 पुलिसकर्मी शामिल थे, जिन्होंने संयुक्त प्रयास से इस गिरोह पर शिकंजा कसने में सफलता हासिल की।मडिय़ांव पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार गिरोह कई दिनों से शहर के बंद घरों को निशाना बना रहा था। इनके पास से बरामद सामान के संबंध में विभिन्न थानों में दर्ज कई मुकदमों की पुष्टि भी हो चुकी है। आगे की कार्रवाई विधि अनुसार जारी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

