-महापौर ने रामकथा पार्क में वेंडर्स के साथ बैठक कर स्वच्छता के अभियान में मांगा सहयोग
अयोध्या 21 नवंबर (आरएनएस )। रामकथा पार्क में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने वेंडर्स के साथ बैठक कर स्वच्छता के अभियान में सहयोग करने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि कूड़ादान सही स्थान पर रखें, ताकि ग्राहक उसका उपयोग कर सकें। उन्होंने ठेले के आसपास सफाई रखने, ठेले को साफ-सुथरा रखने और उस धर्म ध्वजारोहण समारोह के मद्देनजर फूलों से सजाने का आग्रह किया। उन्होंने वेंडर्स से बात कर उनकी समस्याएं जानी और समाधान का भरोसा दिया। महापौर ने आगामी 25 नवंबर के बाद वेंडर्स के रजिस्ट्रेशन के लिए विशेष अभियान चलाने का वादा किया। पार्षद विनय जायसवाल ने कहा कि ठेला को एकदम किनारे लगाएं। उसकी सफाई रखें और डस्टबिन का इस्तेमाल करें। अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की विस्तार से जानकारी दी और वेंडर्स से इस योजना का लाभ उठाकर कारोबार को बढ़ाने का सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मंगलवार को बैंक में नगर निगम का एक कर्मचारी मौजूद रहकर वेंडर्स की समस्या का समाधान करा रहा है। अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव ने कहा कि स्वच्छता व्यक्ति एवं संस्था का दायित्व नहीं, बल्कि समाज का कार्य है। अगर दुकानदार सफाई को लेकर सजग हो तो स्वच्छता का लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकता है। बैठक का संचालन जोनल अधिकारी अशोक गुप्त ने किया। इस मौके पर पार्षद अनुज दास, रिशू पांडे समेत कई प्रतिष्ठित जन मौजूद थे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

