-‘विज्ञान ऑफ क्लाइमेट चेंजÓ विषय पर आमंत्रित व्याख्यान का आयोजन
अयोध्या 21 नवंबर (आरएनएस ) डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में शुक्रवार को विज्ञान ऑफ क्लाइमेट चेंज विषय पर एक विशेषज्ञ आमंत्रित व्याख्यान का सफल आयोजन कुलपति कर्नल डॉ बिजेंद्र सिंह के निर्देशन में किया गया। यह व्याख्यान विश्वविद्यालय पर्यावरण विज्ञान विभाग के सभागार में आयोजित हुआ। मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ प्रो. एवं विभागाध्यक्ष, भूविज्ञान विभाग विज्ञान संस्थान, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय प्रो. अरुण देव सिंह रहे। अपने वक्तव्य में प्रो. सिंह ने वैश्विक जलवायु परिवर्तन की वैज्ञानिक पृष्ठभूमि, दीर्घकालिक जलवायु अभिलेखों, समुद्री तलछटों और पेलियोक्लाइमेट अध्ययन के महत्व पर विस्तृत विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि किस प्रकार भूतपूर्व जलवायु परिवर्तनों के भू-वैज्ञानिक प्रमाण आज की जलवायु चुनौतियों को समझने एवं भविष्य की स्थितियों का आंकलन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित शोधार्थियों, अध्यापकों और छात्रों ने उनके व्याख्यान की सराहना की। प्रो. सिद्धार्थ शुक्ल ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षिक संवाद विश्वविद्यालय में पर्यावरणीय जागरूकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज विश्व की सबसे महत्वपूर्ण चुनौतियों में से एक है, और विश्वविद्यालय इस दिशा में सक्रिय रूप से कार्यरत है। कार्यक्रम का सफल संचालन विभागाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार चौधरी, द्वारा किया गया। डॉ चौधरी प्रो. सिंह को धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे विशेषज्ञ व्याख्यान छात्रों और शोधार्थियों में वैज्ञानिक अनुसंधान के प्रति उत्साह और प्रेरणा का संचार करते हैं। कार्यक्रम में विभिन्न संकायों के शिक्षकगण डॉ शाजिया, डॉ. शशिकांत शाह, डॉ अरविंद कुमार, डॉ प्रवीण कुमार सिंह, डॉ सौरभ सिंह, डॉ रुद्र प्रताप सिंह, बृजेश कुमार सूरज प्रकाश यादव सहित, शोधार्थी एवं छात्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे यह कार्यक्रम अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं सारगर्भित सिद्ध हुआ।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

