सोहावल-अयोध्या 21 नवंबर (आरएनएस )। ढेमवा पुल के रास्ते नवाबगंज की ओर से वाहनों की भीड़ शुरू होते ही सोहावल चौराहे पर जाम की समस्या आवागमन करने वालों को दर्द देने लगी है। फलाई ओवर के दोनों तरफ लगाए गए दो होमगार्ड की ड्यूटी यातायात संतुलन बनाए रखने के लिए लगाई जा रही है। सुबह से लेकर शाम तक इस चौराहे से गुजरने वाले हर वाहन को आधे घंटे से लेकर घंटे भर तक जाम में समय बिताना ही पड़ता है। समस्या सहालग के चलते शादी विवाह में आने जाने वाले लोगों को ज्यादा भारी पड़ रही है। जिनके साथ दूल्हे, दुल्हन और बाराती तक सड़क जाम में फंसे नजर आते हैं। लगभग सप्ताह भर पहले गोंडा नवाबगंज ढेमवा मार्ग पर आवागमन शुरू हुआ है। दो पहिया से लेकर ट्रक तक नदी के बीच बनाए गए अस्थाई कच्चे मार्ग से गुजर रहे हैं। इस मार्ग से यातायात शुरू होते ही आवागमन करने वालों को तो खुशी हुई। लेकिन सोहावल चौराहा सुचित्तागंज बाजार होते हुए आने जाने वाले वाहनों की भीड़ इतनी बढ़ गई कि चौराहा पार कर पाने में ही लोगों को घंटों सड़क जाम का शिकार होना पड़ता है। स्वयं अधिकारी कर्मचारी और एंबुलेंस तक को रास्ता नहीं मिल पाता है। कभी-कभी हालात इतने बदतर हो जाते हैं कि थाने से भारी पुलिस बल को बुलाना पड़ता है तब जाकर जाम खुलता है। सहालग और शादी विवाह की धूम होने का भी प्रभाव सड़क जाम का कारण बन रहा है। इसे बढ़ावा देने में सड़क के किनारे लगे ठेले खोमचे वाले भी मददगार की भूमिका में आ चुके हैं। जिन पर प्रशासन का कोई अंकुश नहीं है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

