मुंबई 22 नवंबर(आरएनएस)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के काफिले के साथ शनिवार (22 नवंबर) को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बीड जिले के तेलगांव-धारुर मार्ग पर धुनकावाड़ फाटा इलाके में डिप्टी सीएम के काफिले में शामिल एक तेज रफ्तार गाड़ी अनियंत्रित होकर एक मोटरसाइकिल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि काफिले की एसयूवी सड़क पर ही पलट गई, जबकि बाइक पर सवार पूरा परिवार गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे में कुल चार लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया।
जानकारी के मुताबिक, अजित पवार धारुर के रास्ते लातूर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान उनके काफिले में चल रहे एक चार पहिया वाहन (रू॥ 02 त्र॥ 5732) ने धुनकावाड़ जंक्शन के पास बाइक को टक्कर मार दी। हादसे का शिकार हुए बाइक सवारों की पहचान विष्णु दामोदर सुदे, उनकी पत्नी कुसुम सुदे और उनकी दो बेटियों के रूप में हुई है। टक्कर लगते ही चारों सड़क पर गिर गए और बुरी तरह जख्मी हो गए। इस दुर्घटना में अजित पवार का एक सुरक्षा गार्ड भी घायल हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और काफिले का वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पलट गया।
घटना के तुरंत बाद सड़क पर भीषण जाम लग गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को पहले धारुर के ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चोटें गंभीर होने के चलते पूरे परिवार को अंबाजोगाई के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह दुर्घटना काफिले की गाड़ी चला रहे चालक की लापरवाही के कारण हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू करवाया और आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीडि़त परिवार के लिए न्याय और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

