0-परिजनों का आरोप-अमायरा को सहपाठी परेशान करते थे
जयपुर,10 जुलाई(आरएनएस)। जयपुर के एक निजी स्कूल में 9 साल की छात्रा अमायरा की आत्महत्या के मामले में नए सीसीटीवी फुटेज ने फिर से गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अमायरा पिछले साल 1 नवंबर को स्कूल की इमारत की चौथी मंजिल से गिर गई थी। नए वीडियो के आधार पर मृतक छात्रा के परिजनों का दावा है कि अमायरा बार-बार अपनी क्लास टीचर से बात करने और मदद मांगने की कोशिश करती नजर आ रही है।
अमायरा के परिजनों के अनुसार, वीडियो की शुरुआत में वह सामान्य रूप से कक्षा में आती है। इसके बाद अन्य बच्चे भी कक्षा में आते हैं। कुछ देर बाद अमायरा अपनी एक सहेली के साथ डांस क्लास में जाती है। परिजनों का कहना है कि डांस क्लास से लौटने के बाद कुछ छात्र स्लेट पर कुछ लिखकर अमायरा को दिखाते हैं, जिससे वह परेशान हो जाती है। इसके बाद अमायरा कई बार टीचर के पास जाती है।
परिजनों के मुताबिक, वीडियो में अमायरा कई बार टीचर के पास जाती हुई दिखती है, लेकिन टीचर उसे वापस सीट पर भेज देते हैं। इसी दौरान एक अन्य छात्र भी शिक्षिका से अमायरा की ओर इशारा करते हुए कुछ कहता है। इसके बाद अमायरा तेजी से क्लास से बाहर निकलकर सीढिय़ों की तरफ जाती है और ये दर्दनाक घटना हो जाती है। परिवार का आरोप है कि बच्ची की शिकायत के बावजूद मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।
परिवार ने पुलिस द्वारा दायर चार्जशीट को लेकर कहा कि इसमें आत्महत्या के लिए उकसाने जैसी धाराएं नहीं जोड़ी गईं। परिजनों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन पर केवल लापरवाही और सबूत छिपाने जैसे आरोप तक किए गए हैं। अमायरा की मां शिवानी ने पुलिस पर बच्ची की मानसिक स्थिति से जुड़े सवाल पूछने के आरोप लगाए। परिजनों ने कहा है कि वे पुलिस की चार्जशीट का विरोध करेंगे और जरूरत पडऩे पर राजस्थान हाई कोर्ट का रुख भी करेंगे।
जयपुर के डीसीपी दक्षिण राजर्षि राज ने कहा कि चार्जशीट जांच के दौरान मिले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि कोर्ट में वही आरोप प्रस्तुत किए गए हैं, जो जांच में स्थापित हुए हैं। वहीं, संयुक्त अभिभावक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल ने कहा कि यह मामला स्कूलों में जवाबदेही से जुड़े गंभीर सवाल खड़े करता है और बच्चों की सुरक्षा के नियमों को सख्ती से लागू करने की जरूरत है।
1 नवंबर, 2025 को नीरजा मोदी स्कूल में चौथी क्लास की छात्रा अमायरा ने चौथी मंजिल से छलांग लगा दी थी। वह चौथी मंजिल की रेलिंग से लगभग 48 फीट नीचे गिर गई। उसे तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पूरे देश में गुस्सा देखने को मिला था। अब परिजनों ने कक्षा के भीतर का फुटेज जारी किया है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

