हल्द्वानी,22 नवंबर (आरएनएस)। उपनल कर्मचारी महासंघ का धरना प्रदर्शन शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। बुद्ध पार्क में उपनल कर्मचारियों ने बेरोजगार संघ के अध्यक्ष के बयान की निंदा करते हुए पुतला फूंका। कहा कि सरकार ने उनकी उपेक्षा की तो इसका खामियाजा उन्हें भुगतना होगा। बुद्ध पार्क में महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रताप सिंह बोरा और कुमाऊं मंडल अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि बेरोजगार संघ के अध्यक्ष की ओर से उपनल कर्मियों के नियमितीकरण प्रक्रिया के बीच अशोभनीय बयान आया है। कहा कि वह उपनल वालों को नियमित करने का विरोध कर रहे हैं और अन्य बेरोजगारों का हवाला दे रहे हैं, जो कि निंदनीय है। उन्होंने माफी मांगने की मांग की है। इसके अलावा यहां कर्मियों ने कहा कि दस साल से अधिक समय से सेवा दे रहे कर्मियों को आज तक नियमित नहीं किया गया है, जबकि कई लोग सेवानिवृत्ति की उम्र तक पहुंच गए हैं। कर्मचारियों ने कहा कि सरकार उनकी मेहनत का लाभ तो उठाती है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर उन्हें न्यूनतम लाभ भी नहीं देती। महासंघ ने साफ कहा कि नो वर्क नो पे उन कर्मचारियों पर लागू नहीं होना चाहिए जो अपनी जायज मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

