ऋषिकेश,22 नवंबर (आरएनएस)। मौसम सर्द होने के बावजूद राफ्टिंग का लुत्फ उठाने के लिए पर्यटकों की भीड़ मुनिकीरेती में छट नहीं रही है। वीकेंड पर भारी संख्या में आसपास के राज्यों से पर्यटक पहुंचे। सुबह से लेकर दोपहर तक वह राफ्टिंग के लिए कंपनियों के कार्यालयों में बुकिंग को डटे दिखे, तो दिनभर गंगा भी रंग-बिरंगी राफ्टों से पटी हुई नजर आईं। शनिवार सुबह से ही मुनिकीरेती में राफ्टिंग के लिए पर्यटकों का तांता लगना शुरू हुआ। दिल्ली, एनसीआर, यूपी, हरियाण आदि राज्यों से पर्यटक मुनिकीरेती और तपोवन में पहुंचे। भीड़भाड़ से क्षेत्र की सड़कें भी पैक दिखी, जिससे दिनभर स्लो ट्रैफिक की समस्या बनी रही। शिवपुरी से मुनिकीरेती तक राफ्टिंग के लिए पर्यटकों में बुकिंग के लिए भी उत्साह नजर आया। पहाड़ी घाटियों के बीच बह रही गंगा में राफ्टिंग के दौरान पर्यटकों को शोरगुल भी साफ सुनाई दिया। उन्होंने गंगा में खतरनाक रैपिडों पर साहसिक पर्यटन का लुत्फ उठाया। साहसिक पर्यटन अधिकारी जसपाल चौहान ने बताया कि शनिवार को सुबह से शाम तक चार सौ ज्यादा पर्यटकों ने राफ्टिंग की। बताया कि बरसात बाद 27 सितंबर से शुरू हुए राफ्टिंग के द्वितीय सत्र में 30 हजार से अधिक पर्यटक राफ्टिंग कर चुके हैं। राफ्टिंग कराने वाली कंपनियों के संचालकों को मानकों के अनुरूप ही राफ्टिंग कराने की सख्त हिदायत भी समय-समय पर दी जा रही है। निगरानी के लिए विभिन्न स्थानों पर विभागीय कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

