ऋषिकेश,22 नवंबर (आरएनएस)। खैरीखुर्द को श्यामपुर की सीमा पर स्वेला नाले के ऊपर पुलिया निर्माण का विरोध तेज हो गया है। श्यामपुर के कुछ ग्रामीणों ने पुलिया निर्माण पर आपत्ति जताते हुए पीडब्ल्यूडी के निर्माण कार्य को रोक दिया है। इससे नाराज खैरीखुर्द पंचायत की प्रधान ग्रामीणों के साथ तहसील पहुंची। उन्होंने जनहित में पुलिया निर्माण को जरूरी बताते हुए मामले में एसडीएम से कार्रवाई की मांग की है। इस बाबत एक ज्ञापन भी एसडीएम को सौंपा है। शनिवार को ग्रामीणों के साथ प्रधान शकुंतला बिष्ट ने एसडीएम योगेश मेहरा को ज्ञापन दिया, जिसमें बताया कि श्यामपुर ग्राम पंचायत की सीमा में स्वेला नाला बह रहा है। यही नाला दोनों ग्राम पंचायतों को जोड़ता है, जिसपर पिछले कुछ वर्षों से ह्यूम पाइप के माध्यम से स्थानीय ग्रामीण व स्कूली बच्चों का आवागमन चल रहा है। ह्यूम पाइप की अस्थायी व्यवस्था की जगह अब यहां पीडब्ल्यूडी के माध्यम से स्थायी पुलिया का निर्माण किया जा रहा है, जिसका श्यामपुर के कुछ ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। करीब तीन मीटर लंबी पुलिया का निर्माण इससे प्रभावित हो रहा है। उन्होंने एसडीएम से जनहित में पुलिया का निर्माण अतिशीघ्र कराने की मांग की। मामले में एसडीएम ने तहसीलदार चमन सिंह और पीडब्ल्यूडी के ईई बीएन द्विवेदी को आदेश जारी किए है। उन्होंने 26नवंबर को दोनों ग्राम पंचायतों की बैठक आयोजित स्थानीय लोगों की आपत्तियों को लिखित में लेने के साथ ही मौके पर ही उनका निस्तारण करने के लिए कहा है। इसकी रिपोर्ट में उन्होंने प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं। ज्ञापन सौंपने वालों में लक्ष्मण सिंह राणा, सरोजनी देवी, दिनेश रावत,ध्यान सिंह, शशि, मीना देवी,अनिल रावत, नीता,प्रदीप सिंह राणा आदि शामिल थे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

