ऋषिकेश,22 नवंबर (आरएनएस)। डोईवाला के नुन्नावाला वार्ड नंबर दो में भटके हुए एक दांत वाले हाथी के लगातार धमकने से ग्रामीणों की नींद उड़ गई है। हाथी पिछले कई दिनों से आबादी में घूम रहा है। सबसे अधिक खतरा आर्य नगर वाली रोड पर बना हुआ है, जहां से सैकड़ों लोग रात-दिन आते-जाते हैं। शनिवार को स्थानीय प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने लच्छीवाला वन क्षेत्राधिकारी को ज्ञापन सौंपकर हाथी समेत अन्य वन्य जीवों की आवाजाही रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। सभासद सुरेश सैनी और जिला अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष रामकिशन ने कहा कि हाथी की वजह से लोगों का रोजमर्रा का जीवन ठप पड़ा है और आवागमन बेहद जोखिम भरा हो गया है। उन्होंने विभाग से अनुरोध किया कि हाथी को सुरक्षित दिशा में ले जाने के लिए मजबूत कार्रवाई की जाए। लच्छीवाला वन क्षेत्राधिकारी मेधावी कीर्ति ने कहा कि विभाग स्थिति को बेहद गंभीरता से ले रहा है। उन्होंने बताय कि हाथी भटककर आबादी में आ गया है, लेकिन उसे तुरंत जंगल की ओर मोडऩे के लिए हमारी रैपिड रेस्क्यू टीम मौके पर तैनात है। लगातार ट्रैकिंग की जा रही है। किसी भी कीमत पर हम क्षेत्र की सुरक्षा से समझौता नहीं होने देंगे। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि हाथी दिखने पर भीड़ न बनाएं, नज़दीक जाने की कोशिश न करें और तुरंत विभाग को सूचना दें। ज्ञापन देने वालों में उमानंद बहुगुणा, हेमंत सैनी, ताजेंद्र सैनी, नितिन बर्थवाल, हरदीप सिंह आदि ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि विभाग की सख्त और कार्रवाई से क्षेत्र में जल्द ही राहत मिलेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

