मेरठ 23 नवंबर (आरएनएस )। आज आयुक्त सभागार में आयुक्त मेरठ मंडल मेरठ भानु चन्द्र गोस्वामी की अध्यक्षता में कर-करेत्तर, आईजीआरएस, राजस्व वाद, मा0 मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के माध्यम से विभिन्न विभागो की योजनाओ/परियोजनाओ की मंडलीय समीक्षा, सीएमआईएस के माध्यम से रू0 01 करोड से अधिक लागत की परियोजनाओ एवं अन्य विकास कार्यों से संबंधित प्रमुख बिन्दुओ की समीक्षा बैठक आहूत की गई। बैठक में आयुक्त ने निर्देश देते हुये कहा कि सभी जनपदो में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रो में अभियान चलाकर साफ-सफाई की व्यवस्था को दुरूस्त किया जाये। उन्होने सख्त निर्देश देते हुये कहा कि मेरठ मंडल के अंतर्गत गुजरने वाले सभी हाईवे के किनारे स्वच्छता अभियान चलाकर कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। किसी भी हाईवे के किनारे कूडे के ढेर, गंदगी नहीं दिखे तत्काल प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी एम्बुलेन्स का सत्यापन किया जाये। डग्गामार एम्बुलेन्स पर कार्यवाही की जाये। अवैध और मानक के अनुरूप संचालित न होने वाले वाहनो पर प्रवर्तन की कार्यवाही की जाये।
आयुक्त ने बिन्दुवार समीक्षा करते हुये कहा कि कर वूसली, राजस्व प्राप्ति एवं वाद निस्तारण में अपेक्षित प्रगति लाई जाये। बडे बकायेदार को चिन्हित कर वसूली की प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। जनपद स्तर पर सभी आर0सी0 की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाये। उन्होने कहा कि विभागो को जो लक्ष्य दिये जाते है उनको प्राप्त करना विभाग की जिम्मेदारी है, जनकल्याणकारी योजनाओ में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित की जाये।
आईजीआरएस व जनसुनवाई की समीक्षा करते हुये उन्होने कहा कि प्राप्त शिकायतो का शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराना सुनिश्चित करें, जनपद स्तर पर नियमित मॉनीटरिंग की जाये। सर्दी के दृष्टिगत निर्देशित किया गया कि सभी गौशालाओ का मंडल स्तर से सत्यापन कराया जाये तथा गौशालाओ में ठंड से बचाव हेतु आवश्यक प्रबंध किये जाये। सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा करते हुये आयुक्त महोदय ने निर्देशित किया कि जिन योजनाओ में मंडल की रैंकिंग में कमी आई है संबंधित अधिकारी अपेक्षित कार्यवाही करते हुये रैंक में सुधार करें। उन्होने राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ, सीएम युवा रोजगार, पीएम सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, भवन निर्माण, सडक निर्माण, किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, छात्रवृत्ति, सामाजिक वानिकी, स्वास्थ्य, शिक्षा, पशुपालन, गन्ना सहित अन्य समस्त विभागो की योजना एवं निर्माणाधीन परियोजना की समीक्षा करते हुये कार्यो में प्रगति लाये जाने के निर्देश दिये गये।
इस अवसर पर मेरठ मंडल के समस्त जिलाधिकारी, समस्त मुख्य विकास अधिकारी, संयुक्त विकास आयुक्त बलिराम, अपर आयुक्त अम्बरीष कुमार बिंद सहित अन्य संबंधित अधिकारी व मंडलीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

